अपना देश भी अजीब है. अजब-गजब लोग हैं यहाँ, जो अजीब सी हरकतें करते रहते हैं और उससे भी अजीब लोग ऐसी हरकतों को देखकर चुप बैठे रहते हैं. अब राज ठाकरे को ही लीजिये. एक ओर देश गणतंत्र की साठवीं सालगिरह मना रहा है दूसरी ओर मनसे के कार्यकर्ता जगह-जगह मराठी सीखने की धमकी से भरे पोस्टर लगा रहे हैं. खैर, इसे गणतंत्र की विडम्बना नहीं कहेंगे क्योंकि गणतंत्र का तो मतलब ही लोगों द्वारा चुने गये प्रमुख वाला तंत्र है, यानि यहाँ लोगों की चलती है. लोग जो चाहें करें, उन्हें सब करने की आज़ादी है. अब आम आदमी के पास तो न इतनी शक्ति है और न ही समय कि वह इस तरह की हरकतें करे, तो कुछ हट्टे-कट्टे, गुंडा टाइप लोग इन राजनीतिज्ञों के इशारे पर ये सब नौटंकी करते हैं. अमीर लोग तो इनके हाथ आते नहीं, तो ये बिचारे ग़रीब टैक्सी वालों, ठेले वालों, दिहाड़ी मजदूरों पर जोर-आजमाइश करते हैं. तो अब मुम्बई में मराठी सीखने के लिये इन्हीं गरीब लोगों को पकड़ा जा रहा है. इन्हें चालीस दिन का समय दिया गया है, मराठी सीखने के लिये. इसके लिये इन्हें मराठी वर्णमाला की पुस्तक दी गयी है. यदि निश्चित समयावधि में ये गरीब मराठी नहीं सीख पायेंगे तो इन्हें वापस इनके प्रदेश यानि यू पी या बिहार भेज दिया जायेगा. अब मनसे वालों को कौन समझाये कि बेचारे गरीब अपनी बोली-भाषा तो ठीक से लिख नहीं पाते, मराठी क्या सीखेंगे? कल गणतंत्र दिवस है. इन्हें कौन बतायेगा?
नर्मदा बाँध :दूसरा पहलू
Posted: Wednesday, January 7, 2009 by आराधना मुक्ति in लेबल: नर्मदा, बाँध, सतत विकासनर्मदा बाँध की बात चलने पर कई बातें मन में उठती हैं ? क्या बड़े बाँधों को बनाने की कीमत किसी न किसी को चुकाना ज़रूरी है? क्या हम विकास का कोई ऐसा रास्ता नहीं निकाल सकते, जिससे सभी को बराबर का लाभ मिले, जिससे कोई भी उजड़े नहीं और न ही उन्हें पुनर्वास की आवश्यकता पड़े. मेरे विचार से देश के नौजवानों, बुद्धिजीवियों और नीति -निर्माताओं को इस विषय पर सार्वजनिक मंचों पर वाद-विवाद और बहसें करनी चाहिए. सतत विकास की सिर्फ़ बात न हो, बल्कि उसे अमल में भी लाया जाए .
हमारे मन में गाँवो की छवि दो रूपों में अधिक दिखाई देती है .हम या तो इसे एक रूमानियत से भरी जगह के रूप में देखते हैं या फिर गन्दगी से भरे ऐसे स्थान के रूप में जहाँ गँवार लोग रहते हैं.हिन्दी फिल्मों ने भी इन्हीं दो रूपों को अधिक दिखाया है .यह बात समझ के परे है कि हम भारतीय गावों को उनके स्वाभाविक रूप में समझने की कोशिश क्यों नहीं करते हैं.जब तक देश का आम आदमी इस बात को नहीं समझेगा,तब तक हमारे गाँव अविकसित रहेंगे .
हाशिये की आवाज़ कहाँ है ?
Posted: Saturday, December 27, 2008 by आराधना मुक्ति in लेबल: ज़मीं, मिट्टी, हाशिये की आवाज़आज हर कोई आसमान छूना चाहता है ,पर मुश्किल ये है कि पैर ज़मीं से कब उखड़ जाते हैं, उसे पता नहीं चलता. तेज़ चाल छोड़ के ज़रा चहलकदमी करें और सोचें, कहीं अपनी मिट्टी के रंग और खुशबू तो नहीं भूल गए हम ...कहीं उस ज़मीन को तो नहीं भूल गये जहाँ हम पले-बढ़े बड़े हुए...कहीं उस हाशिये को तो नहीं भूल गये हम, जिसके बल पर ये समाज विकास करता जा रहा है और पीछे छोड़ता जा रहा है उन्हें, जिनकी आवाज़ें वहाँ से केन्द्र तक पहुँचते-पहुँचते कहीं खो जाती हैं...महानगर की भीड़ में या बड़े-बड़े मॉल्स में बजते विदेशी संगीत की धुन में...या एयरकंडीशंड ऑफ़िसों के सन्नाटों में...आम आदमी की सुविधा की कीमत पर होने वाले धरना और बन्द के शोर में...हाशिये की आवाज़ कहाँ है ? सुनाई क्यों नहीं देती?